शामली वीवीइन्टर काॅलेज में आपस में उलझते प्रत्याशी।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में वैसे तो चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गया, लेकिन कई जगह फर्जी मतदान और एजेंटों के विरोध करने को लेकर झगड़ा हो गया। इसे लेकर भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी पति आमने-सामने आ गए। सूचना पर पहुंचे सीओ ने मामला समझा बुझाकर शांत किया।
वीवी इंटर कॉलेज में मतदान के वक्त निर्दलीय प्रत्याशी अंजना बंसल के समर्थक वीरपाल तथा भाजपा समर्थकों के बीच कहासुनी हो गई। सूचना पर भाजपा प्रत्याशी के पति अजय संगल भी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। सीओ एके सिंह तथा कोतवाली प्रभारी भी मौके पर पहुंच गए। उसी दौरान निर्दलीय प्रत्याशी अंजना बंसल के पति राजेश्वर बंसल भी मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद अजय संगल और राजेश्वर बंसल के बीच तीखी नोंकझोंक हुई। पुलिस ने दोनों के समर्थकों को डांट कर वहां से हटवाया।
इसके कुछ देर बाद आरके इंटर कॉलेज में एक सभासद प्रत्याशी को पुलिस ने बाहर निकाल दिया, जिस पर हंगामा हो गया। इसी दौरान भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल मौके पर पहुंच गए तथा मामला शांत कराया। इसके अलावा बड़ी ऑल में सीओ एके सिंह को सूचना मिली कुछ लोग बवाल करने का प्रयास कर रहे है। सीओ एके सिंह और एसडीएम सुरजीत सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और मतदान केंद्र के पास भीड़ लगाए लोगों को दौड़ाया। इस दौरान पुलिस ने जमकर लाठियां फटकारी। एएसपी जगदीश शर्मा के नेतृत्व में शाम करीब तीन बजे वीवी इंटर कॉलेज के आस-पास जमा भीड़ को पुलिस ने दौड़ा लिया।
पकड़े व्यक्ति को छोड़ने पर विधायक नाराज
वीवी इंटर कॉलेज में चेयरमैन पद की प्रत्याशी के पति अजय संगल और राजेश्वर बंसल के बीच एजेंट को लेकर नोंक-झोंक हुई तो पुलिस ने एक अभद्रता करने के मामले में भाजपाइयों की शिकायत पर आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली में बैठा लिया। करीब तीन बजे झगड़े का आरोपी दोबारा वीवी इंटर कॉलेज में आ गया। जिसकी सूचना पर पहुंचे विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने इसकी शिकायत एएसपी जगदीश शर्मा को की। एएसपी ने मामले में कोतवाली पुलिस दोबारा उक्त व्यक्ति को पकड़कर कोतवाली में बैठाने के निर्देश दिये, हालांकि बाद में वह स्वयं कोतवाली में चला गया।