कैराना। संदिग्ध परिस्थितियों में बंद मकान में आग लगने से हजारों का सामान जल गया। इस दौरान मकान की छत भी नीचे जा गिरी। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी।
खुरगान रोड मोहल्ला खैल कलां निवासी नवीद ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ग्राम प्रधानी के चुनाव के कारण 15 दिन से मकान का ताला लगा कर अपने मामा के गांव गया था। मतगणना समाप्त होने के बाद सोमवार को जब वह वापस आया तो मकान से धुआं निकल रहा था।
किवाड़ खोल कर देखा तो मकान में आग के कारण छत नीचे गिरी हुई थी और दीवारों में दरारें आने के साथ ही मकान में रखा फ्रिज, वाशिंग मशीन, बेड, तीन सिलाई मशीन, अलमारी समेत अन्य सामान जल चुका था। साथ ही संदूक में रखा सामान भी गायब मिला।
इस मामले में वाजिद निवासी लुधियाना पंजाब ने बताया उसने यह मकान कुछ माह पूर्व नवीद को बेचा था, इसमें कुछ रकम बाकी रहने के कारण रजिस्ट्ररी नहीं कराई थी। मकान में रखा सारा सामान उसका था। कोतवाली प्रभारी ने बताया आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।