कांधला। अवैध पशु कटान की सूचना पर छापा मारने पहुंची पुलिस टीम ने दो युवकों पकड़ लिया, जिसके बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया। उनका कहना था कि शादी समारोह के लिए पालिका प्रशासन से अनुमति लेकर पशु कटान किया गया, फिर भी पुलिस परेशान कर रही है। थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत किया।
बुधवार को कस्बा कांधला के मोहल्ला खैल निवासी करीम खान के बेटे बिट्टू की शादी थी। करीम खान की ओर से शादी समारोह में मेहमानों के लिए नॉनवेज खाने का प्रबंध किया था। इसके लिए करीम पक्ष के लोगों ने पशु कटान किया था। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी कि मोहल्ला खैल में अवैध रूप से पशु कटान हो रहा है, जिस पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दो युवकों को पकड़ कर पशु अवशेष बरामद कर लिए।
पुलिस के अनुसार दोनों युवकों ने बताया कि कटान के बाद अवशेषों को दफनाने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस युवकों द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंच गई और मामले की छानबीन करने लगी। इसी दौरान लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और पुलिस पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस पर पुलिसकर्मियों और मोहल्ले वालों को बीच नोकझोंक भी हुई।
सूचना पर थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान मौके पर पहुंचे। करीम के परिजनों ने बताया कि शादी समारोह में पशु कटान के लिए उनके पास नगर पालिका प्रशासन की ओर से अनुमति है।
इसी बीच नगर पालिका चेयरमैन वाजिद हसन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी पुलिस को बताया कि शादी समारोह के लिए पशु कटान की अनुमति पालिका की तरफ से दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए दोनों युवकों को छोड़ दिया और मामला शांत हो गया। उधर, नगर पालिका परिषद कांधला के चेयरमैन हाजी वाजिद हसन का कहना है कि शादी समारोह में पशु कटान के लिए पालिका की ओर से अनुमति दी गई थी। किसी ने पुलिस को अवैध पशु कटान की झूठी सूचना दे दी, जिस कारण पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति स्पष्ट होने पर कोतवाली पुलिस लौट गई।
ईओ ने किया अनुमति से इंकार
नगर पालिका परिषद कांधला के ईओ शैलेंद्र मिश्रा का कहना है कि उनके द्वारा किसी भी शादी समारोह के लिए पशु कटान की अनुमति नहीं दी गई है। यदि नगर पालिका के किसी कर्मी ने अपने किसी निजी स्वार्थ के चलते ऐसा किया है, तो उसके विरुद्ध जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना था कि पशु कटान की अनुमति देने का अधिकार पालिका प्रशासन को नहीं है।