शामली सीएचसी में युवकों की जांच करते चिकित्सक।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में मुजफ्फरनगर रूट पर चलने वाली प्राइवेट बस की चपेट में आकर दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया और बस को कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद बस सवार मौके से फरार हो गया। दो युवकों की मौत से कोहराम मचा हुआ है।
मुजफ्फरनगर के तितावी थानाक्षेत्र के गांव सोंहजनी जाटान निवासी प्रवीण पुत्र भंवर सिंह (27) अपने दोस्त दीपक पुत्र रामवीर (25) के साथ बुधवार की शाम शामली में आ रहा था। बताया जाता है कि जब उनकी बाइक बाबरी थानाक्षेत्र में पहुंची, तो मुजफ्फरनगर की ओर जा रही बस ने उनकी बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक बस के नीचे फंस गए। दोनों बाइक सहित काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। बस सवार मौके से बस छोड़कर फरार हो गया।
मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई और जाम लग गया। सूचना पर बाबरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों के पास से मिले कागजातों के आधार पर उनकी शनाख्त हुई, जिसके बाद पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दे दी। सूचना पर कुछ ही देर में परिजन भी मौके पर पहुंच गए। दो युवकों की मौत से गांव में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। देर रात तक मामले में कोई तहरीर देने की तैयारी चल रही है। एसओ बाबरी पंकज गौतम के अनुसार दोनों युवकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। फिलहाल बस को कब्जे में ले लिया गया है।
काश... हेलमेट होता तो बच सकती थी जान
पुलिस के मुताबिक दोनों बाइक चलाते समय दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। यदि बाइक सवार के सिर पर हेलमेट होता तो शायद उनकी जान बच सकती थी। पुलिस ने दोनों मौके से बाइक और बस को कब्जे में लेकर थाने में भिजवा दिया।
जाम खुलवाया
हादसे के बाद पानीपत-खटीमा मार्ग पर जाम लग गया। सूचना पर थाना आदर्शमंडी और शहर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया और मौके से बस और बाइक को हटवाया। बाद में कड़ी मशक्कत के बाद मुख्य मार्ग पर लगे जाम को खुलवाया।