शामली। कोतवाली पुलिस ने बुढ़ाना रोड पर बाइक चोरी की कोशिश करते दो किशोरों को दबोच लिया। उनकी निशानदेही पर चार बाइक बरामद हुई हैं। इस दौरान उनके दो साथी भाग निकले। किशोर बाइक चोरी कर कांधला निवासी युवक को बेच देते थे।
रविवार को एसपी विजय भूषण ने प्रेसवार्ता कर बताया कि शहर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया था। मुखबिर की सूचना पर बुढ़ाना रोड पर बाइक चोरी की कोशिश पर पुलिस टीम पहुंची तो वहां से खानपुर कलां निवासी दो किशोर पकड़े गए। जबकि उनके दो साथी फरार हो गए, ये दोनों भी खानपुर कलां के ही निवासी हैं।
पुलिस को उनके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर और दो कारतूस, एक छुरा बरामद हुआ। पूछताछ में किशोरों ने बताया कि वह बाइक चोरी कर कांधला निवासी युवक को तीन हजार रुपये में बेचते थे। किशोर मास्टर की रखते थे, अस्पताल, दुकान या घरों के बाहर खड़ी बाइकों को निशाना बनाते थे। एसपी ने बाइक चोरों को पकड़ने वाली टीम को 12 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।