पुलिस ने झिंझाना कस्बे के एक मकान में छापामारी कर अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। मौके से भारी संख्या में बने और अधबने तमंचे और उपकरण बरामद हुए हैं। झिंझाना थाने में पत्रकार वार्ता में एसपी दिनेश कुमार ने बताया कि मंगलवार रात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कस्बे के तलाही मोहल्ले में महबूब के मकान पर छापा मारा। जहां से पुलिस ने तीन तमंचे बने हुए, 12 बोर एक तमंचा, 32 बोर कारतूस के अलावा 13 तमंचे अधबने बरामद किए। उन्हें बनाने के उपकरण में ड्रिल , वेल्डिंग मशीन के अलावा कटर आदि सामान बरामद किया है। तमंचों को बना रहा युवक कामिल निवासी गांव आल्दी थाना कांधला को मौके से गिरफ्तार किया गया है। फैक्ट्री मालिक महबूब, निवासी तलाही झिंझाना फरार हो गया। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि पकड़े गए युवक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है। एसपी के अनुसार पकड़ा गया युवक पहले भी दो बार तमंचे बनाने के मुकदमे में कांधला और कैराना से जेल जा चुका है। पूछताछ में उसने बताया कि ये तमंचे कहां सप्लाई होते हैं। कितने में बेचे जाते हैं और इनका खरीदार कौन है? ये सब जानकारी फरार हुए युवक को है।