कैराना। मिनी ट्रक के आगे ऑन आर्मी ड्यूटी का बैनर लगाकर शराब तस्करी की जा रही थी। बृहस्पतिवार को कैराना क्षेत्र में यमुना पुल पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने मिनी ट्रक पकड़ा, जिस पर ऑन आर्मी ड्यूटी का बैनर लगा था। मिनी ट्रक से करीब 20 लाख रुपये की शराब पकड़ी गई।
बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पानीपत रोड स्थित यमुना पुल नाके पर चेकिंग कराई। इस दौरान पानीपत की ओर से टाटा-407 मिनी ट्रक को रुकने का इशारा किया, तो चालक के बराबर में बैठा युवक कूदकर फरार हो गया, जबकि चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
ट्रक में काले रंग के चार बक्शे, पुराना सोफा, फ्रिज, बेड व अन्य घरेलू सामान लदा था। बॉक्स ऐसे हैं, जिनमें आर्मी के जवान अपना सामान भरकर ले जाते हैं।
पुलिस ने उक्त सामान हटाकर चेकिंग कराई, तो उसके नीचे अंग्रेजी शराब की पेटियां भरी थीं। 268 पेटी अंग्रेजी शराब के पव्वे तथा 15 पेटी बोतलें बरामद हुईं। पूछताछ में ट्रक चालक सुरेंद्र निवासी ग्राम नवादा जिला बिजनौर ने बताया कि उक्त शराब को वह हरियाणा के अंबाला से यूपी के बरेली शहर में ले जा रहा था।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी चालक सुरेंद्र को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।