गांव सिकंदरपुर में अवैध कब्जा हटवाते तहसीलदार।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के कैराना में तहसीलदार ने राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ ग्राम तितरवाड़ा में मंदिर, शमशान, कब्रिस्तान सहित ग्राम सभा की 20 बीघा भूमि को कब्जा मुक्त कराया। भूमि पर खड़ी फसलों को भी जेसीबी चलवाकर नष्ट कराया और डोल बंदी कराई गई।
तहसीलदार अभयराज पांडेय शुक्रवार को राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ गांव तितरवाड़ा पहुंचे। टीम ने तालाब, खेल मैदान, प्राथमिक विद्यालय, बच्चों के कब्रिस्तान, रास्ता, पंचायत घर, वाल्मीकि मंदिर, श्मशान, खाद के गड्ढे आदि से अवैध कब्जा जमाया। इस दौरान राजस्व टीम ने अवैध रूप से बोई गई तमाम फसलों पर जेसीबी मशीन नष्ट कर दिया और चारों ओर डोल बंदी कर दी गई। चेतावनी दी कि यदि किसी ने दोबारा कब्जे की कोशिश की तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उधर, एक के बाद एक प्रशासन की कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई से भूमाफिया में हड़कंप मचा हुआ है। तहसीलदार अभयराज पांडेय ने बताया कि सभी सरकारी जमीनों को कब्जामुक्त कराया जाएगा। प्रशासन की ओर से यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
राजस्व विभाग की टीम ने कराया कब्जा मुक्त
जलालाबाद । ग्राम अहमदपुर में राजस्व विभाग की टीम ने ग्रामीणों के विरोध के चलते पांच चकरोड, नालियां कब्जा मुक्त कराई।
शुक्रवार को तहसील शामली से पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने गांव समाज की सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटवाया। टीम प्रभारी राजस्व निरीक्षक रूपराम, लेखपाल अश्वनी कुमार, शैलेंद्र कुमार, विनोद कुमार, अंकुर कुमार तथा जलालाबाद चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पवन सैनी, दिनेश कुमार, रकम सिंह आदि के साथ ग्राम सभा की पांच चकरोड, पांच नाली खेतों में पानी जाने की और शमसान भूमि आदि सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया। जिन पर गांव के सुरेंद्र कुमार, सुकुल, अमन दीप, राजेष, सुरेंद्र आदि ने कब्जा कर रखा था। खाली कराने के बाद भी जब टीम दूसरी तरफ कब्जा हटाने गई तो विरोध के चलते सुरेंद्र, विपिन, सोनू आदि ने दोबारा फिर कब्जा कर लिया। जिस पर राजस्व टीम दोबारा मौके पर पहुंची और कब्जा हटवाया। कब्जा हटावाने में पुलिस प्रभारी पवन सैनी टीम की मुख्य भूमिका रही। मौके पर प्रधान ब्रजभान सिंह, पूर्व प्रधान सतेंद्र सिंह, राधेश्याम, जेनेश्वर योगेंद्र आदि सैकड़ों ग्रामीण रहे।
50 साल पुराना अवैध कब्जा हटवाया
झिंझाना में राजस्व विभाग की टीम शुक्रवार को भूमि विवादों का निस्तारण करने के लिए गांव सिकंदरपुर पहुंची। इस दौरान हरिजन बस्ती, खलिहान और राजकीय इंटर कॉलेज की जमीन सहित 13 बीघा भूमि से अवैध कब्जा हटवाया। खाली कराई गई भूमि पर ग्राम पंचायत को कब्जा दिलाया गया।
श्रावस्ती मॉडल के तहत जिले में भूमि विवादों के निस्तारण चल रहा है। इसी के चलते ऊन तहसीलदार यदुवंश कुमार वर्मा राजस्व विभाग की टीम और पुलिस के साथ गांव सिकंदरपुर पहुंचे। गांव के दक्षिण दिशा में हरिजन बस्ती के अलावा खाद के गड्ढे, खलिहान की तीन बीघा भूमि पर गांव के कुछ लोगों का 50 साल से अवैध कब्जा बताया गया। इस पर आरोपियों द्वारा खेती की जा रही थी। मौके पर जेसीबी से भूमि की चारदीवारी को तोड़कर कब्जा मुक्त कराने के बाद ग्राम पंचायत का कब्जा कराया गया। इसके अलावा ऊन झिंझाना मार्ग पर राजकीय इंटर कॉलेज के नाम प्रस्तावित 10 बीघा भूमि पर गांव के तेजपाल, आनंद कुमार, अनिल कुमार, अजय, देवीदास पुत्रगण पाल्ला और जिले सिंह ने करीब 30 वर्ष से कब्जा कर फसल बो रखी थी। टीम ने जेसीबी चलवाकर फसल को खुर्द बुर्द करा दिया और ग्राम पंचायत को कब्जा दिलाया। तहसीलदार ने बताया कि प्रत्येक सप्ताह चार गांवों में भूमि विवादों का निस्तारण किया जा रहा है। आगे भी अभियान जारी रहेगा। इस दौरान अमरीश शर्मा, सुखपाल शर्मा, श्याम सिंह, वेदपाल सिंह, सूरज मिश्रा आदि लेखपालों के अलावा कानूनगो मोहकम सिंह और थाना झिंझाना से दरोगा अनिल पंवार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।