शामली के कैराना में मायके में महिला के साथ मारपीट कर उस पर तेजाब उड़लने का आरोप ससुरालियों पर लगा है। यह आरोप महिला के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में लगाया है। आरोप है कि महिला के बेटी को ससुरालियों ने छीनकर अपने साथ ले जाने की कोशिश की। इसका विरोध करने पर महिला के साथ वारदात घटी। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कस्बा कैराना के मोहल्ला दरबारखुर्द निवासी अब्बास ने बुधवार को कैराना कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी मोमिना का निकाह 12 साल पूर्व कांधला क्षेत्र के गांव इस्सोपुर टील निवासी बहादुर के साथ हुआ था। तीन साल पूर्व दोनों में तलाक हो गया था। उसके बाद से उसकी मोमिना अपनी बेटी खुशबू को साथ लेकर कैराना स्थित मायके में रहती है तथा ससुरालियों के खिलाफ मुजफ्फरनगर कोर्ट में गुजारा भत्ता का मुकदमा दायर कर रखा है। आरोप है कि मंगलवार रात करीब एक बजे ससुराल पक्ष के लोग अब्बास के घर पहुंचे और मोमिना की बेटी को जबरदस्ती ले जाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने मोमिना को पीटा और उसके ऊपर तेजाब की बोतल उड़ेल दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।