कांधला। हथियारबंद तीन बदमाशों ने बाइक सवार दंपति को पीटकर नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी । पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों की तलाश में चेकिंग कराई, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं मिला।
कस्बा कांधला में बस स्टैंड पर सलीम हेयर सैलून की दुकान करता है। सलीम के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह वह पत्नी रूखसार के साथ रिश्तेदारी में बुढ़ाना गया था। रात करीब 8:00 बजे जब वह बाइक से कांधला लौट रहे थे, तो कांधला-बुढ़ाना मार्ग पर रेलवे स्टेशन के पास मिले हथियारबंद तीन बदमाशों ने आतंकित करके उनकी बाइक रुकवा ली।
विरोध करने पर बदमाशों ने उसको पीटा और 12 हजार रुपये नकदी तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। बदमाशों के भागने के बाद सलीम ने राहगीरों की मद्द से पुलिस कंट्रोल को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बदमाशों को तलाशने के लिए पुलिस ने जंगल में कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चला। थाना प्रभारी नरेश कुमार सिंह ने बताया कि उनके पास इस संबंध में तहरीर नहीं आई है।