एक कोचिंग सेंटर के बाहर खड़े छात्रों पर पड़ोस के ही कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें पांच छात्र घायल हो गए। पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में ले लिया। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी तहरीर देकर छात्रों पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है।
कस्बा थानाभवन के मोहल्ला हकीमान में कोचिंग सेंटर है। जहां कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं को कोचिंग दी जाती है। बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे कुछ छात्र कोचिंग सेंटर के बाहर खड़े होकर अपनी क्लास शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान कोचिंग सेंटर के पास रहने वाले कुछ युवक आकर छात्रों पर शोर मचाने का आरोप लगाने लगे। दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद उक्त युवकों ने अपने साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर छात्रों पर हमला कर दिया। इसके बाद कोचिंग सेंटर में घुसकर भी छात्रों को पीटा गया। हमले में छात्र विपुल पुत्र राजेश सरस्वती विहार, सौरभ पुत्र कुलदीप निवासी सरस्वती विहार, वंशीत पुत्र कुलदीप बेनीवाल निवासी खेड़ा गदाई, सिद्धांत निवासी चंदेनामल और सागर पुत्र मांगेराम निवासी दखोड़ी घायल हो गए। छात्रों ने डायल 100 पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची उधर, थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि घायल छात्रों का मेडिकल करा दिया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, दूसरे पक्ष ने भी थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उक्त कोचिंग सेंटर में आने वाले छात्र आस-पड़ोस की लड़कियों से छेड़छाड़ करते हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए उचित करवाई की मांग की है।