कैराना (शामली)। एक गांव निवासी व्यक्ति अपने पांच वर्षीय बेटे को साथ लेकर बृहस्पतिवार को कैराना थाने पहुंचा। उसने बताया कि गांव का ही एक अधेड़ बच्चों के साथ गलत हरकत करता है। पूर्व में भी उसके बेटे के साथ ऐसा कर चुका है। गांव के लोगों को जब इसका पता चला, तो कुछ युवकों ने मोबाइल से वीडियो बना ली। इसके बाद किशोर के पिता को इसका पता चला। बताया कि आरोपी के घर पहुंचकर उसका विरोध किया। आरोप है कि बेटे को जान से मारकर शव गायब करने की धमकी दी गई। आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। साथ ही पुलिस को आरोपी की हरकत करने की वीडियो भी दिखाई। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।