कैराना। खतौनी की नकल में नाम दर्ज कराने का विरोध करने पर एक वृद्ध महिला पर हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक गांव निवासी महिला ने तहरीर देकर बताया कि उसके लड़के की पुत्रवधू के साथ विचार न मिल पाने के कारण आपसी समझौता से तलाक हो गया था। जिसके बाद पुत्र की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। आरोप है कि उसकी पूर्व पुत्रवधू ने साठगांठ के चलते भूमि की खतौनी में अपना नाम दर्ज कर लिया, जिसका वह विरोध करती चली आ रही है। शुक्रवार सुबह जब वह अपने खेत पर थी कि तभी आरोपी पक्ष के लोग लाठी-डंडों से लैस होकर वहां पहुंचे और हमला कर दिया। पुलिस ने घायल का इलाज करा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फोन पर धमकी देने का आरोप
कैराना। क्षेत्र के एक गांव निवासी ने कोतवाली पर तहरीर दी कि 2017 में उसकी नाबालिग बहन के साथ गांव के ही युवक ने दुराचार की घटना की थी, जिसका मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। आरोप है कि उक्त आरोपी अपने भाई के साथ मिलकर उसके मोबाइल नंबर पर फोन करके पत्नी को धमकी दे रहा है कि या तो उन्हें एक लाख रूपये दे दो, अन्यथा पुन: पीड़िता को उठाकर वही वारदात अंजाम देंगे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला से मारपीट कर किया घायल
कैराना। ग्राम गोगवान निवासी महिला मकसूदी ने कोतवाली पर तहरीर देकर बताया कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने उस पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। पुलिस ने घायल को उपचार हेतु भिजवाया। मामले में तहरीर देने की तैयारी चल रही थी।