अपहरण की झूठी सूचना दी
थानाभवन। समधी के साथ विवाद होने पर एक व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल करके अपहरण की झूठी सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों लोगों को पकड़ कर थाने ले आई। शुक्रवार दोपहर गांव सिक्का निवासी इस्लामुद्दीन ने पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल करके सूचना दी कि थानाभवन में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के पास राज कालोनी में कुछ लोग उसका अपहरण कर लाए हैं। अपहरण की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची, तो पता चला कि इस्लामुद्दीन का उसके समधी जरीफ पुत्र मजीद निवासी ग्राम भैसानी के साथ विवाद हुआ था। जरीफ अब राज कॉलोनी में रहता है। इसके बाद पुलिस जरीफ और इस्लामुद्दीन को थाने ले आई। शाम तक दोनों लोग थाने में ही रहे।
युवकों में मारपीट
थानाभवन। कस्बा थानाभवन के मोहल्ला रेत्ती निवासी युवक की पत्नी से विवाद होने पर अपने मायके चली गई। युवक ने शादी कराने वाले बिचौलिए से पत्नी को मनाकर लाने के लिए कहा, तो दोनों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस मारपीट करने के आरोप में एक आरोपी युवक को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खेत से गुजरने पर दो युवकों को पीटा
थानाभवन । क्षेत्र के गांव देवीपुरा निवासी रवि पुत्र राजकुमार ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार सुबह वह अपने दोस्त बोबी के साथ गोमतीपुर गांव में किसी काम से जा रहा था। जब वह महावतपुर निवासी किसान के खेत से गुजर रहा था। आरोप है कि किसान और उसके साथियों ने डंडे से हमला कर दिया। हमले में रवि और उसका साथी घायल हो गया। पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुकदमों के निस्तारण में तेजी लाएं
थानाभवन। अपर पुलिस अधीक्षक जगदीश शर्मा ने शुक्रवार को थानाभवन थाने पर थानाभवन और बाबरी थाने के पुलिसकर्मियों की बैठक ली। उन्होंने मुकदमों की विवेचना निस्तारण में तेजी लाने और वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध पर नियंत्रण रखने के लिए प्रभावी गश्त करें तथा मुकदमों की गंभीरता से विवेचना की जाए। वहीं, थाने में आने वाली शिकायतों का निस्तारण करने में लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा शिकायत लेकर पहुंचे लोगों के साथ अच्छा व्यवहार रखा जाए। बैठक में सीओ थानाभवन वीरपाल सिंह, थानाभवन थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, बाबरी थाना प्रभारी सहित दोनों थानों के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
-