घर लौटी लापता किशोरी
थानाभवन। कस्बा थानाभवन के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने शनिवार सुबह थाने पहुंचकर तहरीर दी। आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाला युवक उसकी बेटी को बहला फुसलाकर अगवा करके ले गया है। पुलिस ने आरोपी युवक का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लिया, जिसके बाद उसकी लोकेशन थानाभवन में ही मिल गई। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। इसके कुछ देर बाद लापता लड़की भी नाटकीय ढंग से घर लौट आई। पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है।
फोन छीनकर भागे बदमाश
थानाभवन। कस्बा थानाभवन में शनिवार सुबह अलीहसन पुत्र अशरफ बिजलीघर के पास सड़क किनारे खड़ा होकर मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश आए और अलीहसन के हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। अली हसन ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
उधर, गांव रसीदगढ़ निवासी ईसम सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार रात उसके मकान से लैपटॉप चोरी कर लिया गया। उक्त लैपटॉप उसकी बेटी को विद्यालय की ओर से मिला था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।