टॉवर लगाने के नाम पर एक युवक से तीन लोगों ने पौने दो लाख रुपये की ठगी कर ली। कई महीने बीत जाने के बाद भी जब युवक के घेर में मोबाइल टॉवर नहीं लगाया गया तो पीड़ित ने रुपये लौटाने को कहा। आरोप है कि रुपये मांगने पर अब उसे धमकी दी जा रही है।
कैराना के गांव पांवटी कला निवासी जिकरिया पुत्र मरगूब ने तहरीर देकर बताया कि तीन युवकों ने अपने आप को एक मोबाइल कंपनी में कर्मचारी बताया। उससे पौने दो लाख रुपये लिए थे तथा उसके घेर में मोबाइल कंपनी का टॉवर लगाने की बात कही थी। तीन माह बीतने के बाद भी जब टॉवर नहीं लगा तो जिकरिया ने तीनों युवकों से टॉवर लगवाने के बारे में कहा, लेकिन आज तक आरोपियों ने टॉवर नहीं लगाया। जिकरिया अपने रुपयों की मांग करता है तो आरोपी धमकी दे रहे है। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
12 हजार के इनामी को जेल भेजा
शामली। पुलिस ने झिंझाना रोड से गिरफ्तार किए 12 हजार के इनामी मोहन निवासी डेरा भगीरथ को शुक्रवार दोपहर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया। उसके पास से चाकू बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी मोहन लूट के मामले में पांच साल से फरार चल रहा था।
रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग
शामली। थाना झिंझाना क्षेत्र के गांव अहमदगढ़ निवासी राजेंद्र सिंह उर्फ गोल्डी पुत्र सरदार फकीर सिंह ने एसपी को प्रार्थना पत्र भेजकर बताया कि 24 अप्रैल की रात कुछ लोगों ने हथियारों के बल पर 28 तोले सोने सहित अन्य कीमती सामान लूट लिया था, इस मामले में पुलिस ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।