शामली। बृहस्पतिवार को रोहताश कुमार निवासी गांव गुरूमा थाना ढिल्लो लुधियाना पंजाब ने शहर कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि वह केवी ईंट भट्ठा उद्योग गांव ढिंढसा जनपद खन्ना पंजाब में लेबर का ठेकेदार है। वह मूल रूप से जिला बागपत के गांव मलकपुर का मूल निवासी है। पीड़ित का कहना है कि शामली के मोहल्ला बरखंडी निवासी करीब 12 लोगों ने भट्ठे पर मजदूरी के लिए लगभग दो लाख 63 हजार रुपये एडवांस ले लिए थे। मजदूरों ने सोमवार को भट्ठे पर जाने का वादा किया था। उस दिन मजदूरों ने बहाना बनाते हुए बुधवार को भट्ठे पर जाने की बात की, लेकिन जब उसने मजदूरों को चलने को कहा तो उन्होंने भट्ठे पर जाने से मना कर दिया। ठेकेदार ने मजदूरों पर रकम हड़पने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। उधर, कोतवाली प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि लेबर ठेकेदार की तहरीर मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।