हत्याकांड के खुलासे की मांग
कांधला।
सोते समय युवक की हत्या करने के मामले का पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर वारदात का खुलासा कराने और आरोपियों को गिरफ्तार कराने की मांग की है।
कस्बा कांधला के मोहल्ला खैल खालापार में 19 सितंबर की देर रात घर के बाहर सो रहे नाजिम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 20 सितंबर की सुबह चारपाई पर उसका शव पड़ा मिला था। नाजिम के चाचा शकील ने पहले तो अज्ञात में बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन एक दिन बाद ही कांधला थाना पुलिस को तहरीर देकर मोहल्ले के दो युवकों पर हत्या का शक जताया था। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, लेकिन कई दिन पूछताछ के बाद भी वारदात का खुलासा नहीं हो सका। इसके बाद हिरासत में लिए गए युवकों को छोड़ दिया गया था। अब रविवार को नाजिम के परिवार के लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर वारदात का खुलासा कराने और हत्यारोपियों को गिरफ्तार कराने की मांग की है। उधर, थाना प्रभारी सुनील दत्त ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है, जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।