प्रेमिका के चक्कर में पत्नी को बंधक बनाकर पीटा
शामली।
प्रेमिका के चक्कर में पड़कर एक युवक अपनी पत्नी को यातना देने पर उतर आया। पत्नी ने अनैतिक संबंधों का विरोध किया, तो उसको पीटा और कमरे में बंधक बना लिया। किसी तरह बंधनमुक्त होने पर पीड़ित महिला ने अधिकारियों के समक्ष पहुंचकर कार्रवाई की गुहार लगाई।
पीड़िता अन्य महिलाओं को साथ लेकर कलक्ट्रेट में पहुंचे और अपर जिलाधिकारी केबी सिंह को शिकायत पत्र दिया। उसमें बताया कि मोहल्ले की एक महिला से उसके पति के अनैतिक संबंध हैं। पति अक्सर उस महिला को घर में भी लाता, जिसका वह विरोध करती है। आरोप है कि 23 जून को पति, उसकी प्रेमिका और एक अन्य व्यक्ति ने उसे घर में बंद करके पीटा और जाते समय बाहर से दरवाजे की कुंडी भी बंद दी। सोमवार को घर के बाहर खेल रहे बच्चों से कहकर महिला ने दरवाजा खुलवाया, जिसके बाद शामली कोतवाली पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की। अपर जिलाधिकारी केबी सिंह ने शामली कोतवाली पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया है।
मृतक बंदी के आश्रितों को मिलेगी सहायता राशि
शामली। कोतवाली शामली क्षेत्र के गांव लिलौन निवासी देवेंद्र पुत्र इतवारी की 19 सितंबर 2013 को मुजफ्फरनगर जिला कारागार में बंद रहने के दौरान संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। मामले में मानवाधिकार आयोग ने भी जांच कराई थी, जिसके बाद केंद्रीय मानवाधिकार आयोग ने मृतक बंदी के आश्रितों को दो लाख रुपये अंतरिम सहायता राशि देने की संस्तुति की। मुजफ्फरनगर जिला कारागार के अधीक्षक ने शामली जिला प्रशासन से मृतक के आश्रितों के बारे में आख्या मांगी है, ताकि उसके आश्रितों को दो लाख रुपये सहायता राशि दी जा सके। अपर जिलाधिकारी केबी सिंह ने बताया कि इस मामले में एसडीएम शामली को तीन दिन के भीतर मृतक आश्रितों की जानकारी करके रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है।