बालिका से दुष्कर्म की कोशिश, आरोपी की धुनाई
झिंझाना। बालिका के साथ एक युवक ने दुष्कर्म की कोशिश की। बालिका की चीख सुनकर दादा ने शोर मचाया, तो राहगीर इकट्ठा हो गए। इसके बाद आरोपी को पकड़कर जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। बालिका के दादा की तरफ से आरोपी के खिलाफ तहरीर दी गई है।
झिंझाना कस्बा से अलीगनगर-खानपुर कला मार्ग पर एक किसान का खेत है। मंगलवार शाम करीब छह बजे किसान अपनी सात वर्षीय पौत्री को साथ लेकर खेत पर कृषि कार्य के लिए गया था। जब किसान खेत में कृषि कार्य में व्यस्त था, तो उसकी पौत्री खेत के बाहर सड़क पर खेल रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक वहां पहुंचा। आरोप है कि वह नशे की हालत में था और बालिका को अकेली देखकर उसे खेत में ले गया। वहां बालिका के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। इसी दौरान बालिका की चीख सुनकर उसका दादा खेत से बाहर निकला और शोर मचा दिया। इसके बाद लोग इकट्ठा हो गए और आरोपी युवक को पकड़ लिया। आरोपी युवक की जमकर पिटाई की गई और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी युवक को अपने साथ थाने ले आई। थाना प्रभारी एमएस गिल ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ बालिका के दादा ने तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। आरोपी युवक गढ़ीपुख्ता थाना क्षेत्र के गांव ताना का रहने वाला है। उससे पूछताछ की जा रही है।