वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई
शामली। गांव सिंभालका निवासी रविंद्र ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 28 मार्च की रात अपने भाई सत्यवीर के साथ खेत में काम करने अपने गांव लौट रहा था। मेरठ-करनाल हाइवे पर अज्ञात वाहन ने उसके भाई को टक्कर मार दी थी। गंभीर हालत के चलते उसने सत्यवीर को मेरठ में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया था। उपचार के दौरान 27 अप्रैल का उसने दम तोड़ दिया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
वृद्ध महिला ने पुलिस को छकाया
शामली। एक वृद्ध महिला सोमवार को कोतवाली में पहुंची। महिला ने आरोप लगाया कि उसके बेटे उसके साथ मारपीट करते हैं और गांव कसेरवा की रहने वाली है। कसेरवा गांव आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में है, जिसके चलते उसको आदर्शमंडी थाने में भेज दिया गया, जहां पर पुलिस उसको वापस कोतवाली में भेज दिया गया। आदर्शमंडी थाना पुलिस के अनुसार महिला बुढ़ाना क्षेत्र के कसेरवा गांव निवासी है। यह एक बार पूर्व में भी यहां आ गई थी। इसके बाद पुलिस ने उसको कसेरवा गांव में लेकर पहुंची थी, लेकिन सभी ने उसको पहचानने से इंकार कर दिया था।
युवती हुई लापता, गुमशुदगी दर्ज
शामली। क्षेत्र के गांव लिलौन निवासी सुरेंद्र ने सोमवार को कोतवाली में तहरीर दी कि उसकी बेटी सरिता 29 अप्रैल को घर में बिना बताए कही चली गई है। उसको काफी तलाश किया, लेकिन उसका कही कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों के अनुसार युवती का इलाज चल रहा है। वह मनोरोगी है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।