अमर उजाला ब्यूरो
शामली। शासन ने थाने में ही पीड़ितों की सुनवाई कर उन्हें संतुष्ट करने के आदेश दिए है। मगर, जिले के थानों की कार्रवाई से फरियादी संतुष्ट नहीं हैं। रोजाना औसतन करीब 15-20 पीड़ित शिकायत लेकर एसपी के यहां पहुंच रहे हैं। जनवरी से अब तक 861 शिकायतें एसपी कार्यालय पहुंची। मंगलवार को अमर उजाला ने इसकी पड़ताल की तो थानों में फरियादियों की लगातार हो रही अनदेखी की पोल खुलकर सामने आ गई।
केस नंबर एक
थानाभवन थानाक्षेत्र के गांव दखोड़ी जमालपुर निवासी अर्जुन सिंह ने एसपी अजय कुमार से मिलकर बताया कि वह आईटीआई कालेज ऊंचा गांव थाना कैराना का छात्र है। 11 मार्च को दोपहर कालेज से घर के लिए चला था। रास्ते में ऊंचा गांव के तीन युवकों ने बेल्ट, हॉकी, तमंचे और धारदार हथियार से हमला कर उसे अधमरा कर दिया था। पुलिस को तहरीर दी गई। इसके बाद 29 अप्रैल को आरोपियों ने फिर मारपीट करते हुए जाति सूचक शब्दों से अपमानित किया और कालेज न आने की धमकी दी। इस धमकी के चलते वह कालेज नहीं जा पा रहा है। कैराना कोतवाली पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की जबकि वह कई बार पुलिस के पास जा चुका है। एसपी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ कैराना को जांच सौंपी है।
केस नंबर दो
एसपी कार्यालय पहुंचे आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव कसेरवां खुर्द निवासी वृद्ध ब्रह्म सिंह ने बताया कि गांव के चार लोगों ने उसके घर का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया। उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित ने बताया कि वह कई बार आदर्श मंडी थाने गया, लेकिन पुलिस ने उसकी कोई सुनवाई नहीं की। थाना पुलिस से निराश होकर वह कप्तान के यहां फरियाद लेकर पहुंचे।
केस नंबर तीन
थानाभवन थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी विधवा ने बताया कि 30 अप्रैल को वह मजदूरी करने खेत गई थी। घर पर उसकी 17 वर्षीय बेटी थी। इसी दौरान गांव का युवक अपनी बहन के साथ उनके घर आया और उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया था। घर न लौटने पर वह आरोपियों के घर पहुंची तो उन्होंने उसकी बेटी को देने से इंकार कर दिया था। इसके बाद आरोपी ने उनके घर में घुसकर उसकी दूसरी बेटी को दबोचकर दुष्कर्म की कोशिश की और कपड़े फाड़ दिए। आरोप लगाया कि थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। दो दिन पूर्व आरोपी उसकी बेटी को जबरन उठा ले गए।
केस नंबर चार
कैराना थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी विधवा ने अपनी पीड़ा सुनाते हुए कहा कि उसने अपनी भूमि पर गेहूं की फसल बो रखी थी। छह मई को वह अपने मायके गई थी। गांव के छह-सात लोगों ने उसकी गेहूं की फसल को रात में काट लिया। आरोपी आए दिन छेड़खानी और अश्लील हरकतें करते रहते हैं। उसकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। उसने भी थाना पुलिस पर सुनवाई ना करने का आरोप लगाया।
एक जनवरी से 14 मई तक थानावार शिकायतों का विवरण
आदर्श मंडी 96
कैराना 125
कांधला 106
शामली 182
गढ़ीपुख्ता 43
झिंझाना 119
थानाभवन 126
बाबरी 64
नोट: यह आंकड़े पुलिस विभाग के अनुसार है।
सभी थाना प्रभारियों को पीड़ित की सुुनवाई कर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए है। इसके बाद भी जो शिकायतों उनके कार्यालय में आती है, उनका शत प्रतिशत निस्तारण किया जा रहा है। शामली जिला शिकायतों के शत प्रतिशत निस्तारण करने पर दिसंबर माह से लगातार हर महीने प्रदेेश में नंबर एक पर चल रहा है। अप्रैल माह में भी शामली जनपद को प्रथम स्थान मिला है। -अजय कुमार, एसपी।