शामली। सोमवार को माजरा रोड पर टेलीफोन एक्सचेंज के निकट प्राथमिक विद्यालय नंबर छह में मिड-डे मील के भगोने और ढक्कन आदि सामान चोरी करने के बाद दीवार फांदकर भाग रहे युवक को लोगों ने मौके पर पकड़ लिया था। जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया था। कोतवाली प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जोनी निवासी नौकुआं रोड बताया। इस मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक आदित्य कुमार की तहरीर पर देर रात में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। कोतवाली प्रभारी के मुताबिक आरोपी से पूछताछ में पता चला है कि वह करीब साढ़े चार माह पहले 17 अक्टूबर की रात को काका नगर स्थित पूर्व विधायक पंकज मलिक के घर में चोरी करने के आरोप में भी जेल गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से उस समय पूर्व विधायक के यहां से चोरी की गई एलइडी बरामद की थी।