विवाहिता को जिंदा जलाने का प्रयास
शामली। शहर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी करीब छह साल पहले कस्बा जलालाबाद निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद उसे दो बेटी हुई। ससुराल वालों ने गर्भ की जांच कराई और उस पर गर्भ गिराने का दबाव बनाते हुए प्रताड़ित किया जाने लगा। उस पर लड़का पैदा करने का दबाव बनाकर परेशान करना शुरू कर दिया। इसके चलते वह करीब ढाई साल से मायके में शामली रह रही है। पीड़ित महिला के मुताबिक कुछ दिन से उसके पति का फोन आ रहा था कि वह अब ठीक हो गया है। उसकी ननद की शादी है। उन्होंने 28 जनवरी को जिम्मेदार लोगों के साथ उनके घर आकर ले जाने को कहा था। लेकिन उस दिन नहीं आए। पीड़ित ने बताया कि मंगलवार को ससुराल पक्ष के लोग उसके घर आए और मिट्टी का तेल डालकर जलाने का प्रयास किया। कोतवाली प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर पर पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।