ऊन चीनी मिल के विरुद्ध तहरीर दी
शामली। जिला गन्ना अधिकारी डॉक्टर अनिल भारती ने शनिवार को बताया कि हरियाणा राज्य के गन्ने की चीनी मिलों द्वारा की जा रही अवैध खरीद व चीनी मिलों की घटतौली रोकने के उद्देश्य से दो फरवरी की रात्रि में सहकारी गन्ना विकास समिति ऊन के सचिव अजीत कुमार सिंह व थानाभवन सहकारी गन्ना विकास समिति सचिव विवेक कुमार चौधरी,ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक ऊन एवं थानाभवन सतीश कुमार की एक टीम बनाकर जिले की सभी चीनी मिलों में छापामारी अभियान चलाया गया। टीम को ऊन चीनी मिल मिल पर 10 किलो ग्राम काटा अशुद्ध पाया गया हैं। मिल कर्मी रिजेक्ट गन्ने की पर्ची पर तौल करते हुए पाए गए। थानाभवन चीनी मिल पर जांच टीम को ट्राली ग्रास के काटे पर बिना लाइसेंस के तौल लिपिक गन्ना खरीद करते पाए गए, जिसके विरुद्ध कार्रवाई हेतु गन्ना निरीक्षक एवं सहायक चीनी आयुक्त, व गन्ना आयुक्त शामली को भेजी गई है। डीसीओ ने बताया कि चीनी मिल शामली एवं चीनीमिल थानाभवन के काटो के निरीक्षण में घटतौली नहीं मिली है। उन्हंोने बताया कि चीनी मिलों द्वारा घटतौली एवं हरियाणा राज्य के गन्ने की चीनी मिलों में हो रही अवैध खरीद के संबंध में किसानों द्वारा की जा रही शिकायत पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई कराई गई है। उन्होंने बताया कि ऊन चीनी मिल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के लिए संबंधित पुलिस थाने में तहरीर दी गई है।