न्याय की गुहार लगाई
शामली। शहर के शिवगंज मंडी निवासी पवन बंसल ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया कि उसकी बेटी को ससुराल वाले दहेज की मांग पूरी न होने पर उत्पीड़न कर रहे हैं। पवन बंसल का कहना है कि उसकी बेटी की शादी 2014 में सहारनपुर के न्यू प्रतापनगर निवासी हिमांशु गुप्ता के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग पांच लाख रुपये और कार की मांग पूरी न होने पर उसकी बेटी का उत्पीड़न करते रहे। इसके चलते दो महीना पूर्व उसकी बेटी अपने मायके में आकर रहने लगी। आरोप है कि 25 नवंबर को ससुराल पक्ष के लोगों ने शामली में पहुंचकर उसकी बेटी के साथ गाली गलौज और मारपीट की। लोकलाज की वजह से वह पुलिस से शिकायत नहीं कर पाए, लेकिन अब भी आरोपी पक्ष उसकी बेटी को नहीं ले गए और धमकी दे रहे हैं। पवन बंसल ने पुलिस अधीक्षक से मामले में कार्रवाई कराने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली शामली पुलिस को जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया है।
ससुरालियों से बेटा दिलाने की मांग
शामली। कोतवाली शामली क्षेत्र के गांव खेड़ीकरमू निवासी रिया ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर बताया कि उसकी शादी 13 साल पूर्व सहारनपुर के गुनारसा निवासी दीपक के साथ हुई थी। इसके बाद उसने दो बेटों को जन्म दिया, जिनमें बड़ा बेटा 11 और छोटा तीन वर्ष का है। रिया का कहना है कि उसका पति सेना में कार्यरत है। आरोप है कि छुट्टी पर आने के दौरान पति उसके साथ मारपीट करता है और अत्यधिक शराब पीता है। इसी के चलते दो महीना पूर्व वह अपने मायके खेड़ीकरमू आई थी। आरोप है कि उसकी ननद खेड़ीकरमू पहुंची और उसके छोटे बेटे को छीनकर अपने साथ ले गई, जबकि बड़े बेटे को ससुराल वाले उससे पूर्व अपने साथ ले गए थे। रिया ने मांग की है कि उसके छोटे बेटे को दिलाया जाए तथा आरोपी ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सूदखोर से निजात दिलाने की मांग
शामली। शहर में बुढाना रोड विश्वकर्मानगर निवासी मुकेश ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर कहा कि उसने पांच साल पूर्व मोहल्ले के ही एक व्यक्ति से डेढ़ लाख रुपये ब्याज पर उधार लिया था। इसके बाद से वह लगातार ब्याज देता आ रहा है, लेकिन आरोपी पक्ष उसे अब धमकी देता है कि रुपये लौटाओ नहीं तो अपहरण कर लेंगे। पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली प्रभारी को मामले में जांच करने का आदेश दिया है।