कुतुबगढ़ में हुई विवाहिता की मौत दम घुटने से हुई है। इसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हो गई है। उधर, पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी सास, ससुर व पति पर दहेज के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव कुतुबगढ़ में रविवार को हुई विवाहिता की हत्या के मामले में शव की पीएम रिपोर्ट में महिला की मृत्यु दम घुटने से होना बताया गया है। 21 वर्षीय प्रतिभा का शव उसके कमरे के पंखे से फांसी पर लटका मिला था। मृतका के पिता देवेंद्र ने आरोपी मृतका के पति राहुल, सास सुदेश, ससुर सोमदत व दो बहने गुड्डो, मिंटो के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। एसएसआई सत्यपाल सिंह ने बताया कि सोमवार को पीएम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण दम घुटना आया है। मामले में पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी सास ससुर व पति का चालान कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी दो बहनें फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।