यारपुर में दो पक्षों में संघर्ष, तीन लोग घायल
अमर उजाला ब्यूरो
थानाभवन। ट्रैक्टर की टक्कर से रेहड़ा क्षतिग्रस्त होने से दो पक्षों में संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हो गए।
क्षेत्र के गांव यारपुर निवासी मांगेराम के ट्रैक्टर से मांगी सिंह के रेहड़े में टक्कर लग गई, जिससे रेहड़ा क्षतिग्रस्त हो गया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई और थोड़ी देर में ही यह कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लात घुसे व लाठी डंडे चले। संघर्ष में एक पक्ष से मांगेराम व दूसरे पक्ष से मांगी व उसका पुत्र आदेश घायल हो गया। हंगामा बढ़ने से मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने बीच बचाव कराया। इसके बाद पुलिस की मदद से घायलों को कस्बे के सामुदायिक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि रेहडा खड़ा करने को लेकर विवाद हुआ था। अब तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।