कैराना (शामली)। लूट, जानलेवा हमला और रंगदारी के मामलों में वांछित चल रहे शातिर बदमाश शहजाद उर्फ काला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बृहस्पतिवार को कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह 10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि तितरवाड़ा तिराहे पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। एसआई जितेंद्र कुमार और पुलिस कांस्टेबल मोहित कुमार, गिरिश कुमार ने मौके पर पहुंचकर युवक को पकड़ लिया। उसके पास से एक 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद किए। युवक ने अपना नाम शहजाद उर्फ काला पुत्र इनाम निवासी मोहल्ला खैलखुर्द कैराना बताया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शहजाद पर कैराना थाने में जानलेवा हमले, लूट और रंगदारी के आधा दर्जन मुकदमे दर्ज है। जिसकी पुलिस को तलाश थी। वहीं पुलिस ने शातिर बदमाश शहजाद उर्फ काला का चालान कर कोर्ट में पेश कर दिया।