कांधला (शामली)।
क्षेत्र के गांव नाला में मंगलवार सुबह महिला का शव उसके कमरे में मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के ससुराल पक्ष के लोग फरार हैं। महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
गांव नाला निवासी टीनू की शादी दो वर्ष पूर्व इलाहाबाद के कौशांबी निवासी सुषमा (25) के साथ हुई थी। सुषमा ने दो माह पूर्व एक बच्ची को जन्म दिया था। सोमवार रात महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मंगलवार सुबह होने पर पड़ोसियों ने मकान का दरवाजा खुला देखा। अंदर कमरे में महिला का शव पड़ा हुआ था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। एलम चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि महिला के गले पर चोट का निशान है, जिससे महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने महिला के परिजनों को सूचना दे दी है। थाना प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। महिला के परिजनों के आने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।