कांधला से मौसी के घर कैराना आई विवाहिता और उसके पिता को ससुराल वालों ने पीटकर घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस ने विवाहिता के पति और देवर को हिरासत में ले लिया।
कांधला निवासी वकील की बेटी नगमा का निकाह नौ माह पूर्व कैराना के मोहल्ला अफगानान निवासी रिजवान के साथ हुआ था। पति पत्नी के बीच मनमुटाव होने पर नगमा मायके कांधला जाकर रह रही थी। सोमवार को नगमा पिता वकील के साथ कैराना में मौसी के घर आई थी। इसी दौरान रिजवान अपने परिजनों के साथ वहा पहुंचा और पत्नी, ससुर के साथ मारपीट कर दी। सूचना पर 100 डायल पुलिस मौके पर पहुंची तथा जिरजवान व उसके भाई को हिरासत में ले लिया। बाद में जिम्मेदार लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया।
ग्रामीणों ने पकड़वाया जानलेवा हमले का आरोपी
कैराना। जानलेवा हमले के मामले के आरोपी को दूसरे पक्ष के लोगों ने पकड़ लिया। जिस पर दोनों पक्षों में तनातनी हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ कर थाने ले आई।
गांव रामड़ा निवासी महताब जानलेवा हमले के मामले में एक साल से फरार चल रहा था। अदालत ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया था। सोमवार को महताब कार से गांव में जा रहा था, तो दूसरे पक्ष के समसुदीन के परिवार के लोगों ने रास्ते पर भैंसा बुग्गी लगाकर उसकी कार रोक ली। इसी बीच महताब पक्ष के लोग भी मौके पर आ गए, जिससे तनाव बन गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत किया तथा आरोपी महताब को हिरासत में लेकर थाने लौट गई। बाद में पुलिस ने महताब को न्यायालय में पेश कर दिया।
छेड़छाड़ के विरोध पर मारपीट, दीवार तोड़ी
कैराना।
सोमवार दोपहर मोहल्ला रेतावाला में युवकों ने शराब पीकर हुड़दंग मचा रखा था। इसी दौरान युवकों एक गली में घुसे तथा घर के बाहर खड़ी युवतियों के साथ छेड़खानी कर दी। गली में खडे़ युवक अफसर ने विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली गलौज कर अफसर के मकान के आगे की दीवार गिरा दी। साथ ही आरोपियों ने अफसर को पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित अफसर ने अपने परिजनों के साथ कैराना कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने घायल की डाक्टरी कराकर कार्रवाई शुरू कर दी।