शामली। गोशाला रोड पर स्थित साधना स्थल मंदिर कमेटी के पदाधिकारी विपिन गोयल निवासी मोहल्ला नंदू प्रसाद ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मंदिर में दिन में पुजारी रहते है। रात में पुजारी मंदिर पर ताला बंद कर घर चले जाते है। उन्होंने बताया कि बुधवार रात को चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने भगवान भोलेनाथ के मंदिर से तांबे का नाग, चांदी का सामान, पीतल के घंटे, नकदी और वस्त्र आदि चोरी कर लिए। अगले दिन सुबह चोरी होने का पता उस समय चला जब पुजारी मंदिर में पहुंचे। मंदिर में चोरी होने से श्रद्धालुओं ने रोष व्यक्त किया। विपिन गोयल ने बताया कि मंदिर के आसपास रात के समय कुछ असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इसकी सूचना पुलिस को पहले ही दी गई थी, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने पुलिस से चोरी की घटना का खुलासा करने की मांग की।