थानाभवन। दो दिन पहले थैले से चुराए गए 48 हजार रुपये के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
क्षेत्र के गांव उस्मानपुर निवासी राजपाल सिंह मंगलवार को थानाभवन के सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में 50 हजार रुपये निकलवाए। इसके बाद राजपाल कस्बे के ही शामली बस स्टैंड स्थित एक परचून की दुकान पर पहुंचे और दो हजार रुपये थैले से निकालकर सामान खरीदा। इसके बाद जब दुकानदार से बचे हुए पैसे डालने के लिए राजपाल ने थैले में हाथ डाला तो थैले से 48 हजार रुपये गायब मिले। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। थानाध्यक्ष कृष्णकुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने ले ली है। उसी के आधार पर चोर की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही चोर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।