पत्नी को लेने आए दामाद के साथ मारपीट
थानाभवन। मां-बाप के साथ ससुराल में पत्नी को लेकर आए दामाद के साथ मारपीट की गई। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। दूसरे पक्ष ने भी मारपीट का आरोप लगाया है।
थानाभवन के अस्पताल कॉलोनी में शामली के मोहल्ला कलंदरशाह निवासी नाजिम पुत्र असगर अपनी पत्नी आयशा को ले जाने के लिए मंगलवार को आया हुआ था। आरोप है कि जब नाजिम ने आयशा के घर वालों को उसे अपने घर ले जाने की बात कही तो अचानक से आयशा के घर वालों ने उनके ऊपर हमला बोल दिया, जिसमें वह घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। थाने पर लड़की पक्ष ने आरोप लगाया कि उनका दामाद अपने माता पिता के साथ उनके घर पर पहुंचा और उनकी पुत्री आयशा के साथ मारपीट करने लगा, जिससे आयशा को गंभीर रूप से चोट आई। इसके बीच बचाव में उतरे घरवालों ने मामले को शांत किया वही लड़के पक्ष ने भी आरोप लगाया कि मैं अपनी पत्नी को लेने अपनी ससुराल आया था, जब वह चाय पी रहे थे तब उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने अचानक से उन पर हमला बोल दिया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। एसओ कृष्णकुमार ने बताया कि पुलिस जांच में जुटी है। ।