कार में छिपाकर लाई जा रही थी तस्करी की शराब
शामली। हरियाणा से कार के डेशबोर्ड में तस्करी की शराब छिपाकर लाई जा रही थी। आबकारी पुलिस ने कार को जब्त कर लिया, जबकि ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
बुधवार को आबकारी को सूचना मिली कि एक कार में तस्करी की शराब लाई जा रही है। सूचना पर जिला आबकारी अधिकारी राकेश बहादुर के निर्देशन में कैराना के आबकारी निरीक्षक रमाशंकर ने कांधला पुलिस के साथ मिलकर कांधला थानाक्षेत्र के गांव सुन्ना के पास एक कार को रुकवा लिया। इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। कार की तलाशी ली गई, तो उसमें से 432 पव्वा विदेशी शराब बरामद हो गई। पकड़ी गई शराब अरुणाचल मार्का है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 63/72 में अभियोग थाना कांधला में दर्ज कराया गया है। खास बात यह है कि शराब कार के डेशबोर्ड में म्यूजिक सिस्टम के पीछे छिपाई गई थी। जिला आबकारी अधिकारी राकेश बहादुर सिंह ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है, किसी भी सूरत में शराब तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अभियान चलाया जाएगा।