पूर्व विधायक के भतीजे से लूटी बाइक
कैराना। पोल्ट्री फार्म पर जा रहे कांग्रेस के पूर्व विधायक के भतीजे से नकाबपोश चार बदमाशों ने हथियारों के बल पर आतंकित करके बाइक, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कस्बा कैराना के मोहल्ला खेलकलां निवासी शमीम अहमद उर्फ भूरा पूर्व कांग्रेस विधायक बाबू बशीर अहमद के भतीजे हैं। बुधवार रात करीब नौ बजे शमीम बाइक से नगंलाराई खेड़ा के पास स्थित अपने पोल्ट्री फार्म पर जा रहे थे। मोहम्मदपुर राई के पास नकाबपोश चार बदमाशों ने तमंचों से आतंकित कर उसे रुकवा लिया। बदमाशों ने कनपटी पर तमंचा लगाकर 250 रुपये, मोबाइल और मोटरसाइकिल लूट ली। बदमाश गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद सूचना पर कैराना थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। बृहस्पतिवार सुबह शमीम अहमद ने कोतवाली में चार अज्ञात में लुटेरों के विरुद्ध तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।