कैराना/झिंझाना। रंगदारी और हत्या के मामले में कुछ दिन पहले ही जेल से जमानत पर छूट कर आए बदमाश को पुलिस ने 13 किलो डोडा के साथ गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि सोमवार सुबह सवा नौ बजे मुखबिर खास से सूचना मिली कि एक युवक डोडा पोस्त का सप्लाई करने जा रहा है। पुलिस टीम ने पंजीठ रोड पर फुरकान निवासी मोहल्ला आलकला को पकड़ लिया और तलाशी ली। उसके पास से एक बोरे के अंदर से 13 किलो मादक पदार्थ डोडा बरामद हुआ। सीओ ने बताया कि फुरकान अगस्त 2014 में रंगदारी नही देने पर परचून व्यापारी विनोद सिंघल की हत्या का भी आरोपी रहा है। जिसके बाद 8 अप्रैल 2017 में कांधला थाना क्षेत्र के आल्दी में फुरकान को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। उसके ऊपर कैराना थाने में लूट, हत्या और रंगदारी के 20 मुकदमे दर्ज हैं। बाद में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपी का चालान कर दिया। उधर, झिंझाना में सोमवार को पुलिस ने करनाल हाईवे से गांव दूधली मार्ग पर चेकिंग के दौरान पैदल थैला लेकर आ रहे युवक को रोककर उसके थैले की तलाशी ली। तलाशी लेने पर उसमें से दो किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ है। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया की पकड़ा गया युवक चंदू उर्फ चंदर निवासी रामपुरा है। आरोपी से डोडा बरामद होने पर उसे गिरफ्तार किया गया है।