सिम विक्रेता को गिरफ्तार कर जेल भेजा
शामली। उद्यमी से एक करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में शक के घेर में आए सिम विक्रेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। विक्रेता ने ही रंगदारी मांगने वाले को सिम मुहैया कराया था। हालांकि मुख्य आरोपी को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
नगर निवासी एक उद्यमी से पांच दिन पूर्व अज्ञात मोबाइल नंबर से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। पुलिस जांच में पता चला कि जिस नंबर से रंगदारी मांगी गई, वह लखीमपुर निवासी एक युवक का है। पुलिस ने उस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि वह उक्त नंबर नहीं चला रहा है, लेकिन उसने एक सिम बहादरपुर, जिला हरिद्वार में स्थित एक दुकान से खरीदा था। जांच में दुकानदार मिथुन पुत्र गजेंद्र, निवासी ज्वालापुर जिला हरिद्वार का नाम सामने आया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी मिथुन को शामली के मुजफ्फरनगर अड्डे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मिथुन मोबाइल की दुकान करता है। 14 जुलाई को उसके पास एक लखीमपुर खीरी निवासी एक युवक सिम खरीदने पहुंचा था। आधार नंबर देने के बाद उसने अपना अंगूठा भी लगाया था। इस दौरान मिथुन ने चालाकी से उसकी आईड़ी पर दो सिम एक्टिवेट कर दिए थे। एक सिम उसने आईडी वाले को दे दिया था और दूसरा अपने पास रख लिया था। कुछ दिन बाद एक युवक उसके पास आया तथा आईडी नहीं होने की बात कहकर उससे सिम मांगा। इस पर मिथुन ने चंद रुपयों के लालच में वह सिम उसको दे दिया। उस व्यक्ति ने उसी सिम से रंगदारी की घटना को अंजाम दे डाला।
मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस पकड़ से बाहर
बेशक पुलिस ने सिम विक्रेता को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन पुलिस की मुश्किल और बढ़ गई है, क्योंकि मुख्य आरोपी को सिम विक्रेता भी नहीं जानता। वह तो उसके पास एक ग्राहक के रूप में आया था। ऐसे में अब मुख्य आरोपी को खोजना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है।
-----
रंगदारी मांगने के मामले में सिम विक्रेता को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिस व्यक्ति ने रंगदारी मांगी है उसको तलाश किया जा रहा है।
-जेएस कालरा
कोतवाली प्रभारी