शामली। हापुड़ में हुई दिल्ली पुलिस के एएसआई की हत्या के मुख्य आरोपी को झिंझाना पुलिस ने मुठभेड़ में दबोच लिया। पुलिस ने उसका चालान कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी दिनेश कुमार ने बताया कि रविवार की रात करीब सवा नौ बजे गश्त के दौरान झिंझाना पुलिस ने एक संदिग्ध को मंसूरा रोड़ पर खड़ा देखा। पुलिस ने उसे रोका तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया। बदमाश ने अपना नाम खेम सिंह पुत्र पदम सिंह निवासी गांव खानपुर जाटान बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया। एसपी ने बताया कि खेम सिंह ने अपने दो साथियों के साथ हापुड़ में 24 मई 2018 में लूट का विरोध करने पर दिल्ली पुलिस के एएसआई सुधीर त्यागी की हत्या कर दी थी। दो हत्यारोपियों को पुलिस ने पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि खेम सिंह फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार खेम सिंह मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़ सहित कई अन्य जिलों में लूट की वारदातों को अंजाम दे चुका है।