छेड़छाड़ करने पर युवक की पिटाई
शामली।
शहर में मुजफ्फरनगर मार्ग स्थित धीमानपुरा रेलवे क्रासिंग के पास बुधवार शाम ई रिक्शा में आ रही युवती के साथ बाइक सवार दो युवकों ने छींटाकशी कर दी। युवती ने विरोध किया, तो आरोपी ने रिक्शा रुकवा ली। इसके बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। एक आरोपी को पकड़कर पिटाई की गई, जिसके बाद भीड़ से छूटकर आरोपी युवक अपने साथी की बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है।
संदिग्ध हालात में किशोरी की मौत
कैराना। कस्बा कैराना की आर्यपुरी बंजारा बस्ती में बुधवार दोपहर नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लड़की के परिजन गेहूं की कटाई करने खेत पर गए थे। घर पर लड़की और उसकी बड़ी बहन अकेली थी। लड़की की मौत होने की सूचना पर परिजन घर पहुंचे। इसके बाद बगैर कानूनी कार्रवाई के उसका शव सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।
छात्रों के दो गुटों में मारपीट
शामली। शहर में कैराना रोड पर बुधवार दोपहर स्कूल से लौट रहे छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई। विवाद साइकिल टकराने का था, जिसको लेकर सड़क पर सरेआम छात्रों के बीच बेल्टें चलीं। इसके बाद मौके पर लोग इकट्ठा हो गए, लेकिन इसके बाद दोनों पक्षों के छात्र वहां से चले गए।