कोतवाली क्षेत्र के खेड़ी करमू में सात दिन पूर्व हुई चोरी के मामले में पुलिस अब रिपोर्ट दर्ज की है। गांव लिलौन के मामले में तो पुलिस ने जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही है।
गांव खेड़ी करमू निवासी राजीव पुत्र भोपाल ने तहरीर देकर बताया था कि दो सितंबर को अपने परिवार के साथ घर पर सो रहा था। इसी दौरान चोरों ने घर में घुस कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के करीब दो लाख रुपये के जेवरात और 60-70 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए। सुबह होने पर वारदात का पता चला। पुलिस ने शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधर, गांव लिलौन निवासी महिला कमलेश ने कोतवाली में बताया था कि दो सितंबर की किसी ने उसे बेहोश कर दिया और उसके घर में रखे एक हजार रुपये, हजारों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात ले गया। पीड़िता जब सुबह उठी तो उसे वारदात का पता चला। उसने पड़ोसी युवक पर वारदात को अंजाम देने का शक जताया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।