कैराना (शामली)। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मायके में रह रही गर्भवती विवाहिता के साथ ससुरालियों ने मारपीट कर दी। मामले में पति सहित तीन ससुरालियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है।
ग्राम रामड़ा निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी लगभग ढाई वर्ष पूर्व सहारनपुर जिले के गंगोह थानाक्षेत्र के ग्राम बेगी में हुई थी। शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नहीं थे और बुलेट की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर सोमवार को ससुरालियों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। वह एक बच्ची की मां है। आरोप है कि मंगलवार रात करीब नौ बजे उसका पति अपने भाई व भाभी के साथ घर आया और उसके साथ मारपीट की। शोर सुनकर पड़ोस के लोगों ने मौके पर पहुंचकर उसकी जान बचाई। पीड़िता ने अपने को गर्भवती होना बताया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।