59 लाइसेंसी शस्त्र जमा
शामली। कैराना लोकसभा सीट का उपचुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस की तरफ से कार्रवाई तेज कर दी गई है। जिले के समस्त थाना स्तर पर होने वाली कार्रवाई की पुलिस अधीक्षक प्रतिदिन समीक्षा कर रहे हैं। इसी के चलते शुक्रवार को जिले के सभी आठ थाना स्तर पर पुलिस ने चुनाव के संबंध में ही 59 लाइसेंसी शस्त्र जमा कराए। इसके अलावा 636 लोगों को मुचलका पाबंद किया गया, जबकि चार गैरजमानती वारंट तामील कराए गए। इसके अलावा पुलिसकर्मियों ने 35 स्थानों पर प्रत्याशियों द्वारा बगैर अनुमति चुनाव प्रचार के लिए दीवार पुताई पर काले रंग से पुताई कराई गई, जबकि 89 पोस्टर और 17 बैनर हटवाए गए। पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा ने बताया कि सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि चुनाव आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराएं। उड़न दस्तों और स्टेटिक निगरानी टीम में शामिल पुलिसकर्मियों द्वारा नियमित चेकिंग कराई जा रही है।