कैराना (शामली)। कस्बे के वार्ड 25 के नवनियुक्त सभासद सुकेब खान निवासी मोहल्ला अफगानान ने शनिवार को कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह दोपहर को अपने आवास की बैठक में चाचा महबूब के साथ बैठा हुआ था। आरोप है कि तभी निकाय चुनाव की रंजिश के कारण तीन लोग हाथों में तमंचा और लाठी डंडे लेकर गाली गलौच करते हुए उसकी बैठक में घुस आये। उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे और उसके चाचा के साथ लाठी डंडों से पीट कर घायल कर दिया। एक आरोपी ने तमंचे के बल पर उसके गले की सोने की चेन भी लूट ली। उसके शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गये। जिस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित सभासद ने कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर लेकर सभासद और उसके चाचा को डाक्टरी के लिए सीएचसी भेज दिया। वही ंमामले में एसएसआई सुनील दत्त ने बताया कि तहरीर आई है, तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।