छात्र की साइकिल में टक्कर मारकर छात्र को पीटा
थानाभवन (शामली)। थानाभवन थाने पर विशाल पुत्र आत्रेय निवासी गांव चंदेना माल जलालाबाद ने तहरीर देकर बताया कि वह थानाभवन कस्बे के लाला लाजपत राय इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र है। बृहस्पतिवार के दिन छुट्टी के बाद जब वह अपनी साइकिल से सवार होकर अपने घर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह मोहल्ला टंकी पर पहुंचा तो तेज गति से आ रहे बाइक सवार नीरज पुत्र सुभाष सैनी मोहल्ला जोगियान थानाभवन निवासी ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह नीचे गिर गया और उसके पैर में चोट आई। उसने टक्कर मारने का विरोध किया तो आरोपी बाइक सवार ने उल्टा मारपीट करते हुए गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित छात्र ने थानाभवन थाने पर आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।