पूर्वी यमुना नहर में मिला शव
गढ़ीपुख्ता।
क्षेत्र के गांव भैंसवाल स्थित पूर्वी यमुना नहर में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को बाहर निकलवाया। शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया। गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव भैंसवाल के ग्रामीण मंगलवार सुबह करीब आठ बजे अपने खेतों पर जा रहे थे, तभी उन्होंने पूर्वी यमुना नहर में एक शव पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची गढ़ीपुख्ता थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। थानाध्यक्ष कपिल गौतम ने बताया कि शव करीब चार-पांच दिन पुराना लग रहा है। उसकी पहचान का काफी प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। मृतक के शरीर पर जाहिरा चोट के निशान भी नहीं मिले हैं। फिलहाल शव को मोर्चरी भिजवा दिया गया है।