एटीएम कार्ड बदलकर 32 हजार रुपये निकाले
अमर उजाला ब्यूरो
थानाभवन। पैसे निकलवाने गए युवक से एटीएम बदलकर अज्ञात युवक ने खाते से 32 हजार रुपये निकाल लिए। ठगी का पता चलने के बाद पीड़ित ने थानाध्यक्ष को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के गांव मसावी निवासी शाहनवाज पुत्र हनीफ ने थानाध्यक्ष को तहरीर देकर बताया कि वह सड़कों की ठेकेदारी का काम करता है। बताया कि बुधवार शाम को कस्बे के दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंप के बाहर स्थित एटीएम पर पैसे निकलवाने के लिए पहुंचा। इस दौरान उसने पैसे निकलवाने के लिए एटीएम पर पहले से मौजूद व्यक्ति से मदद मांगी। आरोप है कि इस दौरान उक्त युवक ने धोखाधड़ी से उसका एटीएम बदल लिया, जिसके बाद दो दिन के भीतर उक्त युवक ने उसके एटीएम से तीन ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से 32 हजार रुपये निकाल लिए। उधर, तहरीर के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।