किसान के घर सेे हजारों की नगदी चोरी
चौसाना। बदमाशों ने बुधवार रात्रि किसान के घर को निशाना बनाकर हजारों की नगदी सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। सुबह जाग होने पर पीड़ित परिवार को चोरी का पता लगा। बेखौफ बदमाशों ने घर में सेंध लगाकर चोरी का अंजाम दिया है। वहीं, पीड़ित परिवार का आरोप है कि लिखित व फोन पर सूचना देने के बाद भी पुलिस मौके पर नही पहुंची। पीड़ित पक्ष के लोगों का कहना है कि पुलिस की कार्यशैली से बदमाशों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
चौसाना में इन दिनों बेखौफ बदमाशों का आतंक चरम पर है। बता दें कि विगत सप्ताह तीन बाइक सवार बदमाशों ने खेड़ी -खुशनाम के जंगल में कार सवारों व राहगीरों को लूटने का प्रयास किया था, लेकिन राहगीरों की सूझबूझ के कारण घटना होने से बच गई थी। बुधवार की देर रात्रि बदमाशों ने अख्तर पुत्र शकूर निवासी चौसाना के घर में सेंध लगाकर 54000 रुपये की नगदी, मोबाइल व अन्य सामान को चोरी कर लिया गया। पीड़ित ने बताया कि उसके घर मेें दो कमरे है। अधिक गर्मी की वजह से एक कमरे में पंखा लगाकर घर के सभी सदस्य सो रहे थे। उसी दौरान किसी समय बदमाशों ने घर की अलमारी में रखी नगदी ,मोबाइल व अन्य सामान को चोरी कर लिया। सुबह होने पर पीड़ित परिवार को मोबाइल की जरूरत पड़ी तो मोबाइल नही मिलने पर चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने पड़ोसियों को जानकारी देते हुए पूरा मामला बताया। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस को मौके से सूचना दी गई थी, लेकिन किसी पुलिसकर्मी ने मौके पर जाने की हिम्मत नही जुटाई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी। जिस पर कोई मुकदमा दर्ज नही किया गया। पुुलिस की कार्यशैली से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। पुलिस घटना को संदिग्ध बता रही हैैै।