डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
कैराना। भूरा बाईपास चौराहे पर नो एंट्री में रेत के ओवरलोड डंपर को रोकने के प्रयास में होमगार्ड को कुचलने की कोशिश के मामले में ट्रैफिक पुलिस के उपनिरीक्षक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बुधवार दोपहर भूरा बाईपास चौराहे पर तेज गति से आ रहे ओवरलोड रेत के डंपर को नो एंट्री में घुसने से रोकने के प्रयास में डंपर चालक ने होमगार्ड सतपाल को कुचलने का प्रयास किया था। बाद में डंपर के भाग जाने पर ट्रैफिक दारोगा गजेंद्र सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया था। वायरलेस पर मेसेज प्रसारित होने पर पुलिस ने डंपर को भूरा बाईपास से पकड लिया था, जबकि चालक फरार हो गया था। पुलिस ने रेत के ओवरलोड डंपर को कोतवाली में खड़ा कर लिया। वहीं, मामले में पुलिस ने ट्रैफिक पुलिस के दरोगा गजेंद्र सिंह की तहरीर पर आरोपी डंपर चालक के खिलाफ होमगार्ड की हत्या की कोशिश, लापरवाही से वाहन चलाने, सरकारी कार्य में बल पूर्वक बाधा डालने और अवैध रेत खनन की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी सुनील दत्त ने बताया कि आरोपी डंपर चालक को गिरफ्तार करने का प्रयास चल रहा है।