झिंझाना। कस्बा झिंझाना स्थित मोहल्ला कांशीराम में रविवार दोपहर घर के बाहर नाली से गंदे पानी की निकासी को लेकर विवाद होने पर विधवा महिला को पीटकर घायल कर दिया।
पीड़िता महक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पड़ोसी महिला पिंकी से उसका विवाद हुआ। आरोप है कि तभी पिंकी के पति बड्ढू ने वहां आकर गाली गलौज की और मारपीट करने लगा। इतना ही नहीं, पैर पर भाला मारकर उसे घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को सीएचसी ले जाकर उपचार कराया। इसके बाद आरोपी बढडू को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।
उधर, गांव लक्ष्मणपुरा निवासी महिला छोटी ने रविवार को तहरीर देकर बताया कि उसके पड़ोसी अपने घर से नाली में गंदगी मैला बहा रहे हैं। विरोध करने पर उसको मारपीट कर घायल कर दिया। मामले में आरोपी ओमकार, सत्यपाल, विपिन, सतीश और गौरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है।
उधर, झिंझाना में नमाज पढ़कर मसजिद से घर लौट रहे वृद्ध को गांव के दो युवको ने पीटकर घायल कर दिया। गांव ओदरी निवासी ताहिर रविवार को झिंझाना थाने पहुंचकर तहरीर दी। बताया कि शनिवार शाम वह नमाज पढ़ने के बाद घर लौट रहा था। आरोप है कि गांव के ही रुकमदीन और नामा ने रास्ते में गाली गलौज की। विरोध करने पर उसे पीटकर घायल कर दिया।